बस्तर में उम्मीदों की नई उड़ान, 3,800 से अधिक दिव्यांगजनों को मिलेगा सहारा मुख्यमंत्री साय बोले—नक्सल हिंसा के दौर से बाहर निकलकर विकास की नई दिशा में बढ़ रहा बस्तर विजय शर्मा ने कहा—आईईडी पीड़ितों को अपने पैरों पर खड़ा करना ही नक्सलवाद की अंतिम निशानी मिटाना।

रायपुर, 5 अक्टूबर 2026। लंबे समय तक नक्सल हिंसा और बारूदी सुरंगों की विभीषिका झेलने वाला बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में तीन दिवसीय विशाल निःशुल्क दिव्यांगजन सहायता एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर शुरू हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से शिविर का शुभारंभ किया।‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस महाशिविर में बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों से 3,800 से अधिक दिव्यांगजनों का पंजीयन हुआ है। नक्सली आईईडी विस्फोट, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य कारणों से अंग गंवा चुके लोगों को कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।बस्तर अब विकास की नई दिशा में : मुख्यमंत्रीमुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर ने लंबे समय तक नक्सली हिंसा का दंश झेला है, लेकिन अब यह अंचल उस दौर से बाहर निकलकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह शिविर महज उपकरण वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।मुख्यमंत्री ने हिंसा में अंग गंवाने वाले पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि वे स्वयं को अकेला न समझें। सरकार और समाज पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल बस्तर को हिंसा से मुक्त कराना नहीं, बल्कि शांत, सशक्त और विकसित बस्तर का निर्माण करना है।‘पीड़ितों को पैरों पर खड़ा करना ही नक्सलवाद की अंतिम निशानी मिटाना’उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई केवल सुरक्षा बलों की कार्रवाई तक सीमित नहीं है। आईईडी और बारूदी सुरंगों का शिकार होकर अंग गंवाने वाले प्रत्येक नागरिक को दोबारा आत्मनिर्भर बनाना भी इस लड़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा है।उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने धमाकों से लोगों के पैर छीने, लेकिन बस्तर के लोगों का आत्मबल नहीं छीन पाए। कृत्रिम अंगों के माध्यम से पीड़ित आज फिर अपने पैरों पर खड़े होकर सम्मान और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे हैं।उप मुख्यमंत्री ने आईईडी ब्लास्ट में घायल ग्रामीण संतोष पोयाम तथा ड्यूटी के दौरान घायल पुलिस जवान राकेश कुमार यादव और घासीराम मांझी की जीवटता का उल्लेख करते हुए उनके साहस की सराहना की।मौके पर ही तैयार हो रहे कृत्रिम अंगशिविर की खासियत यह है कि यहां विशेषज्ञों की टीम द्वारा ऑन-साइट आधुनिक कार्यशाला में दिव्यांगजनों का व्यक्तिगत नाप लेकर मौके पर ही कृत्रिम हाथ, पैर और कैलिपर्स तैयार किए जा रहे हैं। पहले दिन ही 70 से अधिक हितग्राहियों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए गए।इसके अलावा जरूरतमंदों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, कैलिपर्स, बैसाखी और श्रवण यंत्र भी निःशुल्क दिए जा रहे हैं।मेडिकल प्रमाण पत्र और पेंशन की सुविधा भी मौके परशिविर में स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम दिव्यांगजनों का परीक्षण कर मौके पर ही मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध करा रही है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शिविर स्थल पर की जा रही है, ताकि उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।दो चरणों में होगा अभियानभारतीय जैन संघटना के डॉ. अतुल जैन ने बताया कि पहले यह शिविर कवर्धा में प्रस्तावित था, लेकिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के सुझाव पर बस्तर के पीड़ितों को प्राथमिकता देते हुए आयोजन यहां किया गया।पहले चरण में 5 से 7 अक्टूबर तक बस्तर, कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर के हितग्राहियों को लाभ दिया जा रहा है। अकेले बस्तर जिले से करीब 1,570 हितग्राही इसमें शामिल हैं।दूसरे चरण में 15 से 17 अक्टूबर तक दंतेवाड़ा में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के दिव्यांगजनों को सहायता दी जाएगी।कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।