छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में, एशिया कप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व।

बिलासपुर, 7 अगस्त।

छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की बात है कि राज्य की दो होनहार खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।दोनों खिलाड़ी वर्तमान में बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण ले रही हैं। उनके चयन पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। मधु सिदार और गीता यादव राज्य की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।मधु सिदार का संघर्ष से सफलता तक का सफरजशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और इंटर जोन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। वे इस वर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी हिस्सा ले चुकी हैं। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ विशेष प्रशिक्षण ले रही हैं।गीता यादव का अंतरराष्ट्रीय अनुभव बनेगा टीम की ताकतकबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव पहले ही कई अंतरराष्ट्रीय दौरों पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम, 2025 में अर्जेंटीना तथा 2026 में इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भारतीय जूनियर टीम के साथ शानदार प्रदर्शन किया है।छत्तीसगढ़ की इन दोनों खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन से प्रदेश में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि मधु सिदार और गीता यादव एशिया कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *