धमतरी/,2 अगस्त2026
धमतरी शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जालमपुर वार्ड में निर्मित दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान का शुभारंभ प्रदेश के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया। इससे पहले जिले का पहला बॉक्स क्रिकेट मैदान एकलव्य खेल परिसर में बनाया गया था।उद्घाटन के बाद मंत्री ओ.पी. चौधरी ने खुद बल्ला थामकर बल्लेबाजी की और आकर्षक शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने गेंदबाजी की और बाद में स्वयं भी बल्लेबाजी कर आयोजन में हिस्सा लिया।इस अवसर पर मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल सड़कों और भवनों से नहीं होती, बल्कि खेल, संस्कृति और युवाओं को मिलने वाले अवसर भी उसकी प्रगति के महत्वपूर्ण आधार होते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं। नया बॉक्स क्रिकेट मैदान स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगा।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन और नगर निगम खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।















Leave a Reply