रायपुर ,31 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए डिजिटल इंडिया अभियान ने भारत को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई है। आज भारत डिजिटल भुगतान और तकनीक आधारित जनसेवाओं के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) इस डिजिटल क्रांति के वास्तविक सूत्रधार हैं, जिन्होंने सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों की दहलीज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रायपुर में आयोजित ’17 Years of Progress with Purpose’ कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रदेश के लगभग 38 हजार पंजीकृत सीएससी संचालकों और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ के करीब तीन करोड़ नागरिकों को राजस्व, श्रम, बिजली, आयुष्मान, बैंकिंग सहित अनेक सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं।अपने संबोधन में चौधरी ने कहा कि वर्ष 2015 में शुरू हुए डिजिटल इंडिया मिशन की सफलता पर शुरुआती दौर में सवाल उठाए गए थे, लेकिन आज भारत यूपीआई, डिजिटल भुगतान और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में पूरी दुनिया के लिए मिसाल बन चुका है। गांवों तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच ने डिजिटल डिवाइड को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन-2047’ तैयार किया है, जिससे विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य हासिल किया जा सके।वित्त मंत्री ने कहा कि जनधन, आधार और मोबाइल (JAM) तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) व्यवस्था ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया है। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी अनेक योजनाओं की राशि अब बिना किसी कटौती के सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रही है, जिसमें सीएससी की भूमिका बेहद अहम है।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। आने वाले समय में अधिक से अधिक सरकारी सेवाओं को सीएससी से जोड़ा जाएगा और ‘विकसित भारत जी-राम-जी अभियान’ के माध्यम से ग्राम पंचायतों में आवश्यक डिजिटल अधोसंरचना विकसित की जाएगी।कार्यक्रम के अंत में श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार सीएससी नेटवर्क को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनसेवा को प्रभावी बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सीएससी की पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दीं।















Leave a Reply