दुरंतो एक्सप्रेस में 1.24 किलो विदेशी सोना जब्त, दो गिरफ्तार

13अगस्त 2026/रायपुर

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर टीम ने राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर को सौंप दिया गया है।जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर को सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना के बाद आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर, नागपुर और डीआरआई नागपुर की संयुक्त टीम ने ट्रेन में निगरानी शुरू की।भंडारा और नागपुर के बीच बी-12 कोच में संदिग्ध यात्रियों की पहचान कर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। बरामद सोने का कुल वजन 1.242 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.96 करोड़ रुपये है।कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को जब्त सोने के साथ डीआरआई नागपुर के हवाले कर दिया गया। मामले में कस्टम्स एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई है। अब डीआरआई नागपुर द्वारा सोने की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई में रायपुर और नागपुर क्राइम ब्रांच के बीच सूचना के त्वरित आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय की अहम भूमिका रही। रेलवे के माध्यम से अवैध एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए ट्रेनों और रेलवे परिसरों में निगरानी अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *