ग्रेड-पे की मांग को लेकर नर्सिंग कर्मचारियों का आंदोलन तेज, 6 से 8 अक्टूबर तक सांकेतिक विरोध।

6 अक्टूबर 2026/जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा स्मृति चिकित्सालय, डिमरापाल में कार्यरत नर्सिंग कर्मचारियों ने ग्रेड-पे एवं वेतनमान संबंधी लंबित मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। नर्सिंग ऑफिसर एसोसिएशन, मेकाज द्वारा अधीक्षक को सौंपे गए पत्र में मांग पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी गई है।*एसोसिएशन के अनुसार, नर्सिंग ग्रेड-पे एवं वेतनमान की मांग पिछले 14 वर्षों से शासन-प्रशासन के समक्ष रखी जा रही है। इस संबंध में आयुक्त शिक्षा कार्यालय द्वारा प्रस्ताव तैयार किए जाने के बावजूद करीब 9 माह बीतने के बाद भी इसे लागू नहीं किया गया है।एसोसिएशन ने बताया कि प्रदेश स्तरीय अनिश्चितकालीन आंदोलन का आह्वान किया जा चुका है। इसी क्रम में 6, 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को काली पट्टी लगाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। विरोध का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।वहीं पत्र में कहा गया है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 18 नवंबर 2026 से प्रदेश स्तरीय अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान मरीजों को होने वाली परेशानियों की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। एसोसिएशन ने अस्पताल प्रबंधन को आंदोलन की पूर्व सूचना देते हुए ग्रेड-पे संबंधी प्रस्ताव को जल्द लागू करने की मांग की है।