गरिमा गृह में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम संपन्न।

15अगस्त 2026/रायपुर

छत्तीसगढ़ मितवा संकल्प समिति द्वारा सरोना स्थित ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के आश्रय स्थल गरिमा गृह में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर गरिमा गृह के विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियों एवं फूलों की सजावट से पूरे परिसर को सुसज्जित किया था।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संत रविदास वार्ड के पार्षद श्री अर्जुन यादव एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा प्रसिद्ध उद्यमी श्री विशाल शाह टाटीबंध उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में सुश्री प्रिया सिंह राजपूत, कार्यकारिणी सदस्य, NGO प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जिसके पश्चात सभी ने राष्ट्रगान गाया। इसके बाद गरिमा गृह के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।संस्था की अध्यक्ष विद्या सिंह राजपूत ने स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास एवं देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर प्रकाश डाला। गरिमा गृह के कार्यक्रम प्रबंधक पॉपी देवनाथ ने भारतीय संविधान के मूलभूत अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी।संस्था की कोषाध्यक्ष रवीना बरीहा ने देशभक्ति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों की जानकारी साझा की।सांस्कृतिक कार्यक्रम में मधु, तनु, मोनी, सपना, मेघा एवं मंजू ने छत्तीसगढ़ी देशभक्ति गीतों एवं नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनों का मन मोह लिया तथा खूब तालियां बटोरीं।कार्यक्रम का समापन संस्था के बोर्ड सदस्य गोविंद सांडेकर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं बच्चों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, बच्चों एवं उपस्थितजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *