कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 31 अगस्त तक मिलेगा मौका।

रायपुर, 15अगस्त 2026


रायपुर, 15 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी निर्धारित अवधि तक प्रवेश ले सकेंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने इस फैसले को छात्रहित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले सके। सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की तिथि निकल जाने के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए।
मंत्री वर्मा ने विद्यार्थियों से अपील की कि प्रवेश के लिए बढ़ाई गई समय सीमा का पूरा लाभ उठाएं और रिक्त सीटों पर समय रहते दाखिला सुनिश्चित करें।
पहले 31 जुलाई और 14 अगस्त थी समय सीमा
उल्लेखनीय है कि उच्च शिक्षा विभाग के पूर्व आदेश के अनुसार प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित थी। वहीं कुलपति की अनुमति से प्रवेश की समय सीमा 14 अगस्त 2026 तक थी। अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद भी प्रदेश के कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गई थीं।
दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले कई विद्यार्थी भी विभिन्न कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। इसी स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रवेश की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
हजारों विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
प्रवेश की तिथि बढ़ाए जाने से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को कॉलेजों में दाखिले का एक और अवसर मिलेगा। अब विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक रिक्त सीटों पर प्रवेश ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *