रायपुर, 8 अगस्त 2026। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस 7 अगस्त की संध्या को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रदेश स्तरीय बुनकर सम्मेलन एवं स्वदेशी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा संघ के प्रीमियम हैंडलूम ब्रांड ‘कोशल फैब’ का शुभारंभ किया और लोगो व कैटलॉग का विमोचन किया।मुख्यमंत्री ने बुनकरों, शिल्पकारों और मेधावी विद्यार्थियों को 10.90 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान एवं पुरस्कार राशि वितरित की। साथ ही हथकरघा इन्वेंट्री मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर का शुभारंभ किया गया, जिससे उत्पादों के भंडारण, प्रबंधन और विपणन को डिजिटल एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बस्तर की आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं का रैंप वॉक रहा। महिलाओं ने कोसा सिल्क और अन्य पारंपरिक हैंडलूम परिधानों का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। इनमें से अधिकांश महिलाएं पहली बार रायपुर पहुंची थीं।मुख्यमंत्री ने स्वदेशी प्रदर्शनी का अवलोकन कर बुनकरों और शिल्पकारों से संवाद किया तथा स्वयं कोसा साड़ी खरीदी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के हथकरघा उत्पादों को ‘लोकल टू ग्लोबल’ पहचान दिलाने के लिए आधुनिक डिजाइन, ब्रांडिंग और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर सरकार लगातार काम कर रही है।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नागरिकों से हर वर्ष कम से कम एक हथकरघा उत्पाद खरीदने की अपील की। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव सहित जनप्रतिनिधि, बुनकर और शिल्पकार मौजूद रहे।


















Leave a Reply