कटघोरा में राज्य स्तरीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर शुरू, बेटियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का होगा विकास ।

कटघोरा/ 1 अगस्त 2026

जिला कुडो संघ द्वारा मंगल भवन, कटघोरा में आयोजित राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर-2026 का शुभारंभ वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई प्रतिभाशाली बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण केवल सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि बेटियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब बेटियाँ आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनती हैं, तभी सुरक्षित, सशक्त और विकसित समाज का निर्माण संभव होता है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल संस्कृति का विस्तार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ‘खेलो इंडिया’ पहल से भी युवा खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर मंच मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिल रही है।उन्होंने विश्वास जताया कि यह राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर प्रतिभागी बेटियों को जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने, अनुशासित जीवन जीने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।कार्यक्रम में मंत्री ने जिला कुडो संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बेटियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद जनक राजपूत, कुडो कराते संघ की अध्यक्ष सीता रजक, बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *