महासमुंद में 31.60 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, नए बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ की घोषणा।

महासमुंद, 24 अगस्त 2026

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने शनिवार को महासमुंद शहर को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 31 करोड़ 60 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान नए बस स्टैंड को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपए तथा नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के शहरों के समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने प्रदेश की दशा और दिशा बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना है।उन्होंने बताया कि प्रदेश के छह जिलों को स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।प्रदेश में 12,666 करोड़ के पुल-पुलिया कार्य स्वीकृतउप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपए के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। महासमुंद जिले में भी विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क और अधोसंरचना विकास को लगातार गति दी जा रही है तथा महासमुंद के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।उन्होंने महासमुंद को आने वाले समय में देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से शहर की स्वच्छता और विकास में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि शहर का मान-सम्मान और गौरव प्रत्येक नागरिक का गौरव है।विधायक ने रखी रिंग रोड और बस स्टैंड की मांगमहासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में महासमुंद के विकास को प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने बताया कि महासमुंद का गौरव पथ और तुमगांव रोड निर्माणाधीन हैं। नहर लिंकिंग रोड स्वीकृत हो चुका है और विभिन्न सड़क कार्यों के टेंडर भी जारी हो चुके हैं।विधायक ने बताया कि सीकासेर का पानी कोडार तक पहुंच रहा है तथा सिरपुर बैराज भी स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने शहर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए रिंग रोड की आवश्यकता पर जोर दिया और नए बस स्टैंड तथा नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के लिए उप मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी।नगर निगम बनाने की मांगनगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने विकास कार्यों की सौगात के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने महासमुंद की बढ़ती आबादी और शहर के विस्तार को देखते हुए नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने की मांग रखी।कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट गाइड के मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित पार्षद, एल्डरमेन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।