नकटी गांव के 85 गरीब परिवारों के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषी अधिकारियों पर एफआईआर की मांग।

रायपुर। नकटी गांव में भारी बारिश के दौरान कथित रूप से मकान तोड़े जाने के मामले को लेकर पीड़ित 85 गरीब परिवारों ने कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार सहित कार्रवाई में शामिल जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर माना थाना का घेराव किया। इस प्रदर्शन को जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण और रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी का पूर्ण समर्थन मिला।प्रदर्शन में पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, रायपुर ग्रामीण कांग्रेस प्रत्याशी पंकज शर्मा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों को भी बरसात के बीच तोड़ दिया गया, जिससे 85 गरीब परिवार बेघर हो गए। इस कार्रवाई के दौरान मवेशियों की भी मौत होने का दावा किया गया। कांग्रेस ने इसे अमानवीय बताते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की।माना थाना में ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो प्रभावित परिवार न्यायालय की शरण लेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के न्याय की लड़ाई में हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी।प्रशासन ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समय पर न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *