रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई – फरार आरोपी शोएब ढेबर पर 5000 का ईनाम घोषित।


6 अक्टूबर 2026/रायपुर। थाना तेलीबांधा के अपराध क्रमांक 403/2026 धारा 308(4), 351(3), 351(4), 3(5) बीएनएस के फरार आरोपी शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर उम्र 26 वर्ष निवासी बी 802/803 पॉम बेलेजियो, विधानसभा रोड थाना पंडरी रायपुर पर पुलिस ने ईनाम घोषित किया है।
पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र कमिश्नरेट रायपुर तारकेश्वर पटेल द्वारा 2/10/2026 को जारी ईनाम उद्घोषणा क्रमांक पु.उपा./मध्य/राय/डीसीबी/759/2026 के अनुसार आरोपी के खिलाफ पुनर्गिरफ्तारी की अनुमति के बाद से लगातार सार्थक प्रयास किये गये, किन्तु अभी तक आरोपी का पता नहीं चला है। आरोपी स्वयं को पुलिस से बचाने के लिए छिपा हुआ है और उसका स्वच्छंद विचरण समाज के लिए घातक हो सकता है।
पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए घोषणा की गई है कि जो कोई उक्त फरार आरोपी को गिरफ्तार करेगा या उसकी गिरफ्तारी करवायेगा अथवा ऐसी युक्तियुक्त सूचना देगा जिससे फरार आरोपी को विधिपूर्वक गिरफ्तार किया जा सके, उसे 5000/- रूपये (पांच हजार रूपये) की नगद राशि से पुरस्कृत किया जावेगा। ईनाम वितरण का अंतिम निर्णय डिप्टी पुलिस कमिश्नर मध्य क्षेत्र कमिश्नरेट रायपुर का होगा।