रायपुर से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, 100 सप्ताह तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान।

रायपुर, 2 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राज्य स्तरीय शुभारंभ रविवार को रायपुर स्थित लोक भवन में किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में युवाओं, छात्र-छात्राओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने देखा। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।यह अभियान 2 अगस्त 2026 से अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत और अन्य युवा संगठनों के सहयोग से नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैली, पोस्टर व चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *