2 अगस्त 2026/ रायपुर
श्रावण माह की शुरुआत से पहले रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि महादेव घाट स्थित भगवान हाटकेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक खारून नदी के दूषित जल से न करें। उन्होंने कहा कि मंदिर की पवित्रता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।आकाश तिवारी ने महादेव घाट पहुंचकर खारून नदी का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चिंगरी नाले का गंदा और सीवेजयुक्त पानी लगातार खारून नदी में मिल रहा है, जिससे रायपुर की जीवनदायिनी नदी का जल अत्यधिक प्रदूषित हो गया है। ऐसे में श्रद्धालुओं से आग्रह है कि वे भगवान हाटकेश्वर नाथ का अभिषेक केवल स्वच्छ एवं पवित्र जल से ही करें।उन्होंने बताया कि महादेव घाट के प्रमुख पुजारी सुरेश गिरी महाराज ने भी श्रद्धालुओं से दूषित खारून जल से अभिषेक नहीं करने की अपील की है। उनका कहना है कि भगवान की पूजा-अर्चना में पवित्रता सर्वोपरि है।आकाश तिवारी ने नगर निगम प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक वर्ष पूर्व महापौर और स्थानीय विधायक ने चिंगरी नाले का निरीक्षण कर स्कैनिंग वॉल, नाले की ऊंचाई बढ़ाने तथा गंदे पानी को एसटीपी तक पहुंचाने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि चेक डैम की दीवार नहीं बढ़ाई गई, जिसके कारण गंदा पानी लगातार खारून नदी में मिल रहा है। आसपास के छोटे-छोटे नालों का दूषित जल भी सीधे नदी में गिर रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।उन्होंने कहा कि यदि समय पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत कर प्रभावी कार्यवाही की जाती, तो आज महादेव घाट और खारून नदी की यह स्थिति नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रायपुर नगर निगम खारून नदी और महादेव घाट की पवित्रता को बचाने के लिए गंभीर कदम उठाएगा, या केवल निरीक्षण और घोषणाओं तक ही सीमित रहेगा।श्रावण माह में लाखों श्रद्धालु महादेव घाट पहुंचकर भगवान हाटकेश्वर नाथ का जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में नदी की स्वच्छता और धार्मिक आस्था की रक्षा को लेकर यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।


















Leave a Reply