समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के लिए खेल बनेंगे विकास की नई ताकत ।

रायपुर, 28 जुलाई। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का शुभारंभ सोमवार को उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने किया। राजधानी रायपुर में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्य में खेलों और खिलाड़ियों के लिए बेहतर इको-सिस्टम विकसित करने, खेल अधोसंरचना को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की रणनीति पर मंथन किया गया।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि “समर्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेल एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।” उन्होंने कहा कि खेलों के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे और वे मजबूत मानव संसाधन के रूप में प्रदेश की प्रगति में योगदान देंगे।उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के बेहतर उपयोग और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी जिलों में खेल संघों के सुदृढ़ गठन, नियमित गतिविधियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर भी जोर दिया।’विजन टू विक्ट्री’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में ₹150 करोड़ से अधिक की लागत से खेल अधोसंरचना के निर्माण कार्य जारी हैं।पहले सत्र में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बनकर उभरे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव से तैयार होने वाला रोडमैप प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में मददगार साबित होगा।कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया सहित राज्यभर के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *