उफनते नाले में युवक बहा, तलाश जारी,तिल्दा-नेवरा के कोहका-राजिया पुल के पास हादसा, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर।

रायपुर। जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत कोहका-राजिया पुल के पास तेज बारिश के बीच उफनते नाले में एक युवक के बह जाने की सूचना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की तलाश में पुलिस और प्रशासन की टीम जुटी हुई है।जानकारी के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण नाले में तेज बहाव चल रहा है। बताया जा रहा है कि 24 वर्षीय अंकित पाठक, निवासी नागेश्वर नगर, बिरगांव, अपने दोस्तों के साथ ग्राम खुरमुड़ी स्थित अपने जीजा के घर आया हुआ था।बताया गया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे अंकित अपने दोस्तों के साथ खुरमुड़ी से पैदल बिरगांव स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राजिया पुल के पास नाला पार करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया। उसके साथ मौजूद अन्य युवक सुरक्षित बच गए।घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। परिजन भी रात से ही अंकित की तलाश में जुटे हुए हैं। फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल पाया है।तेज बारिश और नाले में बढ़े जलस्तर के कारण राजिया पुल के पास आवागमन भी प्रभावित बताया जा रहा है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

⚠️ लोगों से सावधानी बरतने की अपीलतेज बारिश और नदी-नालों में उफान की स्थिति को देखते हुए लोगों से पुल, रपटों, नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है। तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *