रायपुर, 29 अक्टूबर 2026।** ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और ग्रामीण युवाओं को पत्रकारिता के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर और गोंडवाना विश्वविद्यालय, गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) के बीच ग्रामीण पत्रकारिता को मजबूत बनाने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।इस शैक्षणिक समझौते से छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में पत्रकारिता शिक्षा, शोध और प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी। साथ ही गांवों की समस्याओं, ग्रामीण विकास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनजातीय समाज से जुड़े मुद्दों को व्यापक मंच पर उठाने का अवसर मिलेगा।कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और ग्रामीण पत्रकारिता जमीनी वास्तविकताओं को समाज के सामने लाने का सशक्त माध्यम है। दोनों विश्वविद्यालयों के संयुक्त प्रयासों से ऐसे पत्रकार तैयार किए जाएंगे, जो सामाजिक सरोकारों और संवेदनशीलता के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास की कहानियों को सामने लाएंगे।वहीं, गोंडवाना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रशांत बोकारे ने इस समझौते को ग्रामीण पत्रकारिता के संवर्धन और उन्नयन की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।समझौता ज्ञापन पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा तथा गोंडवाना विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभागाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद सरफराज अंसारी ने हस्ताक्षर किए।**इन क्षेत्रों में होगा काम**समझौते के तहत दोनों विश्वविद्यालय संयुक्त रूप से संगोष्ठी, सेमिनार और कार्यशालाओं का आयोजन करेंगे। ये कार्यक्रम प्रत्यक्ष, ऑनलाइन और मिश्रित माध्यमों से आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा संयुक्त शोध परियोजनाएं, प्राध्यापकों का आदान-प्रदान, विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप और सामुदायिक रेडियो के माध्यम से ग्रामीण संचार व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।इस पहल से ग्रामीण युवाओं को आधुनिक पत्रकारिता की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। वे अपने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकेंगे।इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मोहंती, डॉ. नृपेन्द्र शर्मा और डॉ. आशुतोष मंडावी सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।**खास बात यह है कि इस साझेदारी से ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की स्थानीय आवाज, समस्याओं और प्रतिभाओं को पत्रकारिता की मुख्यधारा से जोड़ने का रास्ता मजबूत होगा।**













