पांच दशक से नरैया तालाब में हो रही छठ पूजा, 85 वर्षीय लखपति बाई दुबे ने साझा की संघर्ष और आस्था की भावुक कहानी टिकरापारा के नरैया तालाब में हजारों छठ व्रतियों ने दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य, चार पीढ़ियों के साथ आज भी पहुंचती हैं लखपति बाई।

14 नवंबर/रायपुर।

राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित नरैया तालाब में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के सबसे पुराने छठ पूजा घाटों में शामिल नरैया तालाब में पिछले पांच दशकों से छठ पूजा की परंपरा निभाई जा रही है। रविवार को हजारों छठ व्रतियों ने सजे-धजे घाट पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।पांच दशक पुरानी छठ पूजा की परंपरानरैया तालाब छठ महापर्व आयोजन समिति के वीरेंद्र दुबे ने बताया कि नरैया तालाब में करीब पांच दशकों से छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। जब रायपुर में आमा तालाब और व्यास तालाब जैसे चुनिंदा स्थानों पर ही छठ पूजा होती थी, तब से नरैया तालाब में भी छठ व्रती महिलाएं सूर्य उपासना की परंपरा निभा रही हैं।उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियों में रायपुर नगर निगम का लगातार सहयोग मिलता है। साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में निगम प्रशासन तथा समिति के सदस्य मिलकर प्रयास करते हैं। इस वर्ष घाट पर स्वागत द्वार, रोशनी, टेंट और भंडारे की व्यवस्था की गई।85 वर्षीय लखपति बाई दुबे ने सुनाए पांच दशक पुराने अनुभवछठ पूजा के दौरान 85 वर्षीय लखपति बाई दुबे ने नरैया तालाब में पांच दशक पहले छठ पूजा करने के अपने अनुभव साझा किए। उनके संस्मरणों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।उन्होंने बताया कि उस समय उनके पति पुलिस की नौकरी में थे और पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में परिवार रहता था। वे अकेले बच्चों को लेकर नरैया तालाब पहुंचती थीं। शाम और सुबह घाट आने के दौरान घना अंधेरा रहता था, इसलिए टॉर्च लेकर आना पड़ता था। उस समय तालाब के किनारे घाट भी नहीं बने थे। पूजा के दौरान तालाब की मछलियां बाहर आ जाती थीं और पूजा के सूप को मछलियों से बचाना भी एक चुनौती होती थी।लखपति बाई दुबे ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने आज तक छठ पूजा करने के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार जाने की आवश्यकता महसूस नहीं की। छत्तीसगढ़ की धरती पर ही कमाया, इसी की गोद में खाया और अब इसी धरती में समा जाना है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को दुनिया की सबसे सुंदर और सुकून भरी जगह बताते हुए कहा कि आज भी वे चार पीढ़ियों को साथ लेकर छठ घाट पहुंचती हैं।सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापननरैया तालाब छठ घाट पर रविवार शाम संध्या अर्घ्य के साथ छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान का तीसरा दिन संपन्न हुआ। सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।आयोजन समिति ने पर्व के सफल आयोजन के लिए नगर निगम प्रशासन की साफ-सफाई व्यवस्था और पुलिस विभाग के सुरक्षा इंतजामों के प्रति आभार व्यक्त किया।