रेलवे की भीड़ प्रबंधन तैयारी के दावों के बीच यात्रियों की परेशानी बरकरार, कंफर्म टिकट नहीं और जनरल डिब्बों में पैर रखने की जगह नहीं**दीपावली-छठ पर रायपुर, दुर्ग से बिहार-उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की मांग***

6नवंबर 2026/*रायपुर।**

दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रायपुर रेल मंडल द्वारा व्यापक भीड़ प्रबंधन की तैयारी किए जाने का दावा किया जा रहा है। रायपुर, दुर्ग एवं भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती सहित कई व्यवस्थाएं की गई हैं। लेकिन दूसरी ओर रेलवे यात्रियों की वास्तविक परेशानी इन व्यवस्थाओं के दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है।त्योहारी सीजन में बिहार, उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं लोकल एवं जनरल डिब्बों में यात्रियों की इतनी अधिक भीड़ है कि खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही है। कई यात्रियों को मजबूरी में लंबी दूरी तक खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।### होल्डिंग एरिया में व्यवस्था, लेकिन ट्रेन के भीतर यात्रियों का क्या?रेल प्रशासन द्वारा रायपुर स्टेशन पर लगभग 4200 वर्गफीट का होल्डिंग एरिया तैयार कर 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, किफायती भोजन, पेयजल एवं सीसीटीवी निगरानी की जानकारी दी गई है। दुर्ग स्टेशन पर मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स को होल्डिंग एरिया के रूप में उपयोग किया जा रहा है।इसके अलावा टिकट काउंटर, एटीवीएम, आरपीएफ जवानों एवं अधिकारियों की तैनाती और वार रूम के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।लेकिन यात्रियों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्टेशन पर बैठने और निगरानी की व्यवस्था तो की जा रही है, मगर ट्रेन के अंदर क्षमता से अधिक यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त ट्रेनों और अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है?### कंफर्म टिकट नहीं, जनरल डिब्बों में भी भारी भीड़त्योहारों के दौरान रेलवे में टिकटों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। इसके बावजूद यात्रियों को पर्याप्त कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। जनरल डिब्बों में भी अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों को बैठना तो दूर, खड़े रहने में भी कठिनाई हो रही है।ऐसे में सवाल उठता है कि जब रेलवे को पहले से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ का अनुमान है, तो फिर उसी अनुपात में अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन क्यों नहीं किया जा रहा है? यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए केवल स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन पर्याप्त नहीं, बल्कि ट्रेन के भीतर भी पर्याप्त जगह उपलब्ध कराना जरूरी है।### यात्रियों की मांग: त्योहारों में अधिक संख्या में ट्रेनें चलाए रेलवेदीपावली एवं छठ पूजा जैसे बड़े पर्वों पर रेलवे को यात्रियों की संख्या के अनुरूप अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने, नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने तथा जनरल डिब्बों की संख्या बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए।रेलवे द्वारा दुर्ग-बरौनी, दुर्ग-दिल्ली, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन, गोंदिया-पटना एवं अन्य मार्गों पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई गई है, लेकिन यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए इन व्यवस्थाओं को और अधिक व्यापक बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।**त्योहारों में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना रेलवे की जिम्मेदारी है। केवल भीड़ नियंत्रण की तैयारी के दावों से यात्रियों की परेशानी दूर नहीं होगी, जब तक उन्हें पर्याप्त ट्रेनें, कंफर्म टिकट और डिब्बों में यात्रा करने की वास्तविक सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती।*