इंदौर में सिखवाल ब्राह्मण समाज का दो दिवसीय सामूहिक विवाह सम्मेलन शुरू, तुलसी विवाह सहित होंगे कई धार्मिक आयोजन*

20 नवंबर 2026 *इंदौर।** श्री पांचपट्टी सिखवाल ब्राह्मण समाज पारमार्थिक एवं शैक्षणिक ट्रस्ट एवं प्रबंध कार्यकारिणी, इंदौर के तत्वावधान में तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं तुलसी विवाह का दो दिवसीय भव्य आयोजन 19 नवंबर से शुरू हो गया है। 19 एवं 20 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं अतिथि शामिल हो रहे हैं।कार्यक्रम के पहले दिन श्री गणेश पूजन के साथ आयोजन का शुभारंभ हुआ। आनंद भवन परिसर, गार्डन, आरएपीटीसी दलाल बाग में आयोजित समारोह के लिए पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भव्य पंडाल और साज-सज्जा अतिथियों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।सुबह से ही समाजजनों एवं मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। अमरावती, हैदराबाद और राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजबंधु इंदौर पहुंचे। बाहर से आए वरिष्ठ समाजजनों तेजमल जी पांड्या, हीरालाल जी व्यास सहित अतिथियों का आयोजन समिति एवं समाज के सदस्यों ने केसरिया दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।आयोजन के पहले दिन माता पूजन, गणेश पूजन एवं जनेऊ संस्कार सहित विभिन्न धार्मिक और पारंपरिक कार्यक्रम संपन्न हुए। वहीं मेहंदी एवं हल्दी की रस्मों में भी समाज की महिलाओं और परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रात्रि में महिला संगीत का आयोजन रखा गया है।समाजजनों के लिए चाय-नाश्ते एवं भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की अतिथियों ने सराहना की। बाहर से आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था श्री श्रृंगी ऋषि धर्मशाला, नलिया बाखल, इंदौर सहित विभिन्न स्थानों पर की गई है।**कल होगा तुलसी विवाह एवं सामूहिक विवाह का मुख्य आयोजन**आयोजन के दूसरे दिन ठाकुर जी की भव्य बारात हंसराज मठ स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी। इसके बाद तुलसी विवाह का धार्मिक आयोजन होगा। साथ ही सामूहिक विवाह, आशीर्वाद समारोह एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रम संपन्न होंगे।दो दिवसीय आयोजन को लेकर सिखवाल ब्राह्मण समाज में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल है। आयोजन समिति ने सभी समाजबंधुओं से सपरिवार शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।