24 नवंबर 2826/ *रायपुर।** भारतीय रेलवे की ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। ताजा मामला ट्रेन नंबर 12130 आजाद हिंद एक्सप्रेस का है। इस ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने इसकी बेहद धीमी रफ्तार और लगातार हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई है।यात्रियों के मुताबिक, रायपुर से शाम 4:07 बजे रवाना हुई ट्रेन चार घंटे दस मिनट में महज 99 किलोमीटर का सफर ही तय कर पाई। वहीं ट्रेन पहले से ही करीब पौने आठ घंटे की देरी से चल रही थी। यात्रियों का कहना है कि देरी का समय लगातार बढ़ता जा रहा है।यात्रियों ने बताया कि यह समस्या किसी एक दिन की नहीं है। 19, 20 और 21 नवंबर को भी आजाद हिंद एक्सप्रेस करीब 7 से 9 घंटे की देरी से अपने गंतव्य पुणे पहुंची। ऐसे में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब ट्रेन नियमित रूप से 8 से 10 घंटे देरी से चल रही है, तो रेलवे को इसका समय बदल देना चाहिए। यात्रियों का कहना है कि वे टिकट के लिए हजार रुपये या उससे अधिक भुगतान करते हैं, लेकिन समय पर गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा नहीं मिल रही है।नाराज यात्रियों ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि एक्सप्रेस या सुपरफास्ट ट्रेन की जगह इसका नाम बैलगाड़ी एक्सप्रेस या थकथक रेलगाड़ी रख देना चाहिए। यात्रियों का सवाल है कि आखिर इस तरह की देरी के लिए जिम्मेदार कौन है और उनकी परेशानी का समाधान कब होगा?फिलहाल यात्रियों ने रेलवे मंत्रालय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस मामले में हस्तक्षेप कर आजाद हिंद एक्सप्रेस की नियमित लेटलतीफी की जांच कराने और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।














