अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छाया छत्तीसगढ़ पर्यटन, बस्तर के जलप्रपात और लोक संस्कृति ने जीता दिल्लीवासियों का दिल चित्रकोट जलप्रपात के प्रतिरूप और आभासी वास्तविकता तकनीक को देखने उमड़ी भीड़, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने किया छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन।

रायपुर, 23 नवंबर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग का पवेलियन लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। रविवार को अवकाश के चलते बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक स्थलों, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को करीब से जाना। खासकर बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों, चित्रकोट जलप्रपात के आकर्षक प्रतिरूप और आधुनिक आभासी वास्तविकता तकनीक ने दिल्लीवासियों का मन मोह लिया।पर्यटन विभाग के स्टॉल पर नारायणपुर के हांदवाड़ा जलप्रपात, दंतेवाड़ा के ढोलकल गणेश, बीजापुर के नंबी जलप्रपात और कोंडागांव के टाटामारी जैसे पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जा रही है। बस्तर दशहरा की अनूठी परंपराओं और जनजातीय संस्कृति को लेकर भी लोगों में विशेष उत्सुकता देखने को मिली।चित्रकोट जलप्रपात बना सेल्फी पॉइंटभारत के नियाग्रा के नाम से प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के आकर्षक प्रतिरूप के सामने लोगों में तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने की होड़ रही। वहीं पर्यटन विभाग के वीआर जोन में आगंतुकों ने विशेष उपकरणों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के जलप्रपातों, जंगलों और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों का आभासी भ्रमण किया। बच्चों और युवाओं में इसे लेकर खासा उत्साह रहा।गिरौदपुरी धाम के जैतखाम ने खींचा ध्यानछत्तीसगढ़ के धार्मिक पर्यटन को भी पवेलियन में प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। संत गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम स्थित विशाल जैतखाम की भव्यता ने लोगों को आकर्षित किया। इसके साथ ही प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों की जानकारी भी दी गई।लोकगीत और नृत्य से जीवंत हुई छत्तीसगढ़ की संस्कृतिपारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोक कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोकधुनों और पारंपरिक नृत्यों ने व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।धरमलाल कौशिक ने की पर्यटन संभावनाओं की सराहनाबिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प, कोसा साड़ियों और पर्यटन स्थलों के प्रदर्शन की सराहना की।कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बस्तर में शांति और विकास का नया वातावरण बनने से पर्यटन की संभावनाएं बढ़ रही हैं। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने भी क्षेत्र की सकारात्मक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत की है।उन्होंने कहा कि इको-पर्यटन, प्राकृतिक पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प के माध्यम से छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकता है।स्थानीय रोजगार के खुलेंगे नए अवसरव्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की भागीदारी का उद्देश्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ स्थानीय रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना भी है। बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं, जनजातीय समुदायों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण परिवारों को आजीविका के नए अवसर मिल सकते हैं।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रदेश के प्राकृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के प्रयास किए जा रहे हैं। व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन को मिल रहा प्रतिसाद प्रदेश के पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिला रहा है।