23 नवंबर 2026/ रायगढ़। खेती में नवाचार और बाजार की मांग के अनुसार फसल का चयन किया जाए तो किसान अच्छी आमदनी अर्जित कर सकते हैं। इसे रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोड़केल के किसान विद्याधर पटेल ने अपनी मेहनत और अनुभव से साबित किया है। वर्ष 2007-08 से गेंदा फूल की खेती कर रहे विद्याधर आज 7 से 8 एकड़ में फूलों का उत्पादन कर रहे हैं। उनके खेतों में तैयार फूलों की मांग छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी है। इस व्यवसाय से वे लाखों रुपये की बिक्री करने के साथ गांव के 15 से 20 लोगों को नियमित रोजगार भी दे रहे हैं।कृषि प्रदर्शनी से मिली व्यावसायिक खेती की प्रेरणाविद्याधर पटेल पहले वर्ष 1994-95 से सब्जियों की खेती कर रहे थे। इस दौरान वे रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में गमलों के माध्यम से सब्जी उत्पादन का प्रदर्शन भी करते थे। प्रदर्शनी में गेंदा फूल की मांग और बिक्री देखकर उनके मन में इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने का विचार आया। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2007-08 में गेंदा फूल की खेती शुरू की और धीरे-धीरे इसका रकबा बढ़ाते गए।पॉलीबैग तकनीक से कम किया नुकसान का जोखिमशुरुआती दिनों में खुले खेत में पौधे तैयार करने के दौरान बीजों का अंकुरण ठीक से नहीं होने और दोबारा बुवाई जैसी समस्याएं आती थीं। इससे पौधे तैयार होने में देरी होती थी और दशहरा-दीपावली के सीजन में फूल बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे। इस समस्या का समाधान निकालते हुए उन्होंने पॉलीबैग तकनीक अपनाई। इससे पौधों को बेहतर तरीके से तैयार करने और फूलों की बिक्री का समय निर्धारित करने में मदद मिली। दीपावली के दौरान बिक्री नहीं होने पर भी बाद में फूलों को बाजार में बेचने का विकल्प बना रहता है।एक एकड़ से पांच लाख रुपये तक की बिक्रीविद्याधर पटेल के मुताबिक, गेंदा फूल की खेती से एक एकड़ में लगभग पांच लाख रुपये तक की बिक्री हो जाती है, जबकि उत्पादन पर करीब एक से डेढ़ लाख रुपये की लागत आती है। दशहरा से दीपावली तक फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए वे उत्पादन और बाजार की तैयारी करते हैं। सिंचाई के लिए खेतों में दो निजी बोरवेल के साथ पाइपलाइन, ड्रिप और स्प्रिंकलर की व्यवस्था भी की गई है।छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा तक पहुंच रहे फूलविद्याधर पटेल के खेतों में तैयार गेंदा फूल की आपूर्ति छत्तीसगढ़ के रायगढ़, सारंगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर सहित कई क्षेत्रों में की जाती है। वहीं ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ में भी उनके फूलों की नियमित मांग है। सीजन के दौरान प्रतिदिन 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूल बाजारों तक पहुंचाए जाते हैं। फूलों की बिक्री नकद होती है और श्रमिकों व वाहन चालकों को भी नियमित भुगतान किया जाता है।परिवार का सहयोग, ग्रामीणों को रोजगारइस खेती को सफल बनाने में विद्याधर पटेल की पत्नी और उनकी तीनों बेटियां भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। परिवार के सभी सदस्य खेती के काम में सहयोग करते हैं। इसके अलावा गांव के 15 से 20 श्रमिकों को नियमित काम मिलता है। फूलों की ढुलाई के लिए उनके अपने वाहनों के अलावा प्रतिदिन 8 से 10 किराये के वाहनों की भी आवश्यकता पड़ती है। इससे स्थानीय श्रमिकों के साथ वाहन चालकों को भी रोजगार मिल रहा है।फूलों के साथ सब्जियों की खेती से बढ़ाई आमदनीगेंदा फूल की खेती के अलावा विद्याधर पटेल 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इसमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके साथ ही अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी उगाते हैं।विद्याधर पटेल की यह पहल बताती है कि पारंपरिक खेती के साथ नई फसलों, आधुनिक तकनीक और बाजार की मांग को अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में फूलों की व्यावसायिक खेती और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी सामने लाती है।















