पैर में चोट लगने के बाद चलने-फिरने में हो रही थी परेशानी, बेहतर इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में कराया भर्ती
रायपुर। पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के पैर में चोट लगने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर से रायपुर पहुंचाया। बेहतर उपचार की व्यवस्था करते हुए उन्हें रायपुर के बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई थी। इसके कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर प्रवास के दौरान वे नंदकुमार साय के निवास पहुंचे थे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। आज रायपुर लौटना था, इसलिए उन्होंने नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें सड़क मार्ग से यात्रा करने में परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदकुमार साय के बेहतर उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री की इस पहल को वरिष्ठ आदिवासी नेता के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग के रूप में देखा जा रहा है।














