मुहर्रम जुलूस में खतरनाक स्टंट, हवा में लटकी कार में किया धमाका।

मुहर्रम जुलूस में खतरनाक स्टंट, हवा में लटकी कार में किया धमाका

उज्जैन/बड़नगर। उज्जैन जिले के बड़नगर में मुहर्रम जुलूस के दौरान किए गए एक खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में करीब 40 फीट ऊंचाई पर क्रेन से एक वैन को हवा में लटकाया गया है, जिसके अंदर रखे पटाखों में विस्फोट किया जाता है। धमाके के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनती दिखाई दे रही है।घटना 24 जून 2026 की रात की बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजकों और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।पुलिस के अनुसार इस मामले में आयोजक शोएब, तालीम, क्रेन मालिक सहित चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 285, 287 और 288 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।कानून व्यवस्था बनाए रखने और कड़ा संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का इलाके में पैदल जुलूस भी निकाला। इसके बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) करनदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में घटना के पीछे कोई सांप्रदायिक या दंगा फैलाने की मंशा सामने नहीं आई है। उनके अनुसार स्थानीय अखाड़ों के बीच अधिक भीड़ जुटाने, आकर्षण बढ़ाने और सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज हासिल करने की प्रतिस्पर्धा के चलते यह जोखिम भरा स्टंट किया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुलूस निकालने की अनुमति दी गई थी, लेकिन क्रेन से वाहन लटकाकर विस्फोट करने जैसी गतिविधि के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। जांच में सामने आया है कि वैन के भीतर बड़ी मात्रा में तेज आवाज वाले पटाखे रखकर विस्फोट कराया गया था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बड़नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि धार्मिक आयोजनों या सार्वजनिक कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार के खतरनाक स्टंट और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *