दतिया में बीजेपी टिकट विवाद पर बवाल: नरोत्तम समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव, आंसू गैस के गोले छोड़े।

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद उनके समर्थकों का विरोध शनिवार को हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया।जानकारी के अनुसार, बीजेपी ने दतिया उपचुनाव के लिए नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित किया है। इससे नाराज हजारों समर्थक सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने बाजार बंद कराए, पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की और हाईवे जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कई वाहन और एम्बुलेंस भी जाम में फंस गईं।हाईवे खाली कराने पहुंचे कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी मयूर खंडेलवाल सहित पुलिस बल पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया। इस घटना में एसपी, एएसपी, एसडीओपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को खदेड़ा।घटना के बाद दतिया जिले में बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी गई है। बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है।इस बीच पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन पार्टी का निर्णय है और वे अपनी बात पार्टी के उचित मंच पर रखेंगे। उन्होंने समर्थकों से किसी भी प्रकार का अनुचित कदम न उठाने का आग्रह किया।उधर, विरोध के बावजूद बीजेपी नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि आशुतोष तिवारी ही दतिया उपचुनाव में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार रहेंगे। पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता उनके नामांकन में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *