अहमदाबाद। सिखवाल ब्राह्मण सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में उपचार के लिए अहमदाबाद आने वाले स्वजातीय मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए संचालित “माँ अन्नपूर्णा रसोई” को बड़ा सहयोग मिला है। समाजसेवी श्री सत्य प्रकाश पंडित (कामरेज, सूरत – गंगापुर वाले) ने 1 जून 2026 से 31 मई 2027 तक एक वर्ष के लिए प्रतिदिन 50 से 60 लोगों के भोजन हेतु आवश्यक रसद सामग्री उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है।
यह सेवा उन मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत होगी, जो इलाज के दौरान आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करते हुए अहमदाबाद में ठहरते हैं। ट्रस्ट द्वारा संचालित माँ अन्नपूर्णा रसोई लंबे समय से जरूरतमंद समाजबंधुओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करा रही है।
भारतीय संस्कृति में “अन्नदान महादान” माना गया है। ऐसे समय में जब अधिकांश लोग अपने परिवार तक सीमित रह जाते हैं, श्री सत्य प्रकाश पंडित का यह सहयोग मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया है।
समाजजनों का कहना है कि उनका यह योगदान केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और समाज के प्रति समर्पण का जीवंत प्रमाण है। यह पहल युवाओं और सक्षम वर्ग को भी समाजहित में आगे आने की प्रेरणा देती है।
सिखवाल समाज ने श्री सत्य प्रकाश पंडित एवं उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सेवा कार्यों की मंगलकामना की है।
“मानव सेवा ही माधव सेवा” के भाव को साकार करती यह पहल समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है।
लखन शर्मा सिखवाल व्यास

















Leave a Reply