रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर चलती बीएमडब्ल्यू कार की सनरूफ में बैठकर डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई की है।पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक 24 मई को बीएमडब्ल्यू कार क्रमांक सीजी 10 सीए 3999 में युवती सनरूफ से बाहर निकलकर डांस कर रही थी, जबकि कार तेज रफ्तार में हाईवे पर दौड़ रही थी। इसका वीडियो इंस्टाग्राम में वायरल होते ही मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद चकरभाठा पुलिस ने वाहन को पकड़ा और थाने लेकर आए। पूछताछ में चालक की पहचान प्रतीक लूथर (36) निवासी शुभम विहार मंगला के रूप में हुई।पुलिस पूछताछ में उसने यातायात नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की स्टंटबाजी न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि हादसे का बड़ा कारण भी बन सकती है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच शुरू की है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके और अन्य किसी की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की जा सके।











Leave a Reply