21 नवंबर 2026/ रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क परियोजना से व्यापार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में समाज के लोगों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता से अलग पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का संबंध केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि आपसी आत्मीयता और विश्वास का भी है।मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने तेलुगु समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रदेश की प्रगति में उसके योगदान की सराहना की।मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलुगु समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में समाज की सक्रिय भागीदारी विविधता में एकता की भावना को मजबूत करती है।आंध्रा एसोसिएशन के 50 वर्ष पूरे होने पर सराहनामुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की यात्रा को सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने समाज को एकजुट रखने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान में भी तेलुगु समाज के इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क मार्ग से बढ़ेगा व्यापारमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित हो रहा सड़क मार्ग छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा। इससे आवागमन आसान होने के साथ यात्रा का समय और दूरी कम होगी। माल परिवहन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण प्रत्येक समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलन समाज के लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर देते हैं।सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समांसम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से तेलुगु समाज की लोककला और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव, श्रीनिवास पटनायक सहित समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

















