इंदौर का सिखवाल मोहल्ला शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया,मनकामेश्वर महादेव कावड़ यात्रा का भव्य आयोजन श्री रामायण प्रेमी मंडल के तत्वावधान में आयोजित ।

बोल बम के जयकारों और ढोल-नगाड़ों के बीच मनकामेश्वर महादेव कावड़ यात्रा का भव्य समापन इंदौर, 3 अगस्त। सावन माह के प्रथम सोमवार पर इंदौर का सिखवाल मोहल्ला शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। श्री रामायण प्रेमी मंडल के तत्वावधान में आयोजित मनकामेश्वर महादेव भव्य कावड़ यात्रा का समापन सिखवाल मोहल्ला स्थित सत्यनारायण मंदिर, मनकामेश्वर महादेव में जलाभिषेक, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।यह कावड़ यात्रा 1 अगस्त को खेड़ीघाट से पवित्र जल लेकर प्रारंभ हुई थी। तीन दिनों तक विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शिवभक्त सोमवार को मंदिर पहुंचे, जहां भगवान मनकामेश्वर महादेव का पवित्र जल से अभिषेक किया गया।यात्रा के समापन अवसर पर पूरे क्षेत्र में “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि के बीच समाजजनों ने कावड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं को केसरिया दुपट्टे पहनाकर सम्मानित किया गया तथा केले वितरित किए गए। आयोजन में महिलाओं और युवाओं की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।मंदिर परिसर में आयोजित भव्य महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे परिसर में देर तक शिवभक्ति का उल्लास और धार्मिक वातावरण बना रहा।श्री रामायण प्रेमी मंडल के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों और शिवभक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कावड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सेवा भाव को सशक्त करने का भी माध्यम है। सावन के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य यात्रा ने श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *