कैंसर केयर मजबूत करने के साथ स्वस्थ मानव संसाधन तैयार करना जरूरी : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी,BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में बोले वित्त मंत्री—स्वस्थ युवा आबादी विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत।

रायपुर, 20 सितंबर 2026। नवा रायपुर में आयोजित चतुर्थ वार्षिक BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कैंसर केयर के साथ स्वस्थ मानव संसाधन तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया। बाल्को मेडिकल सेंटर, eCancer तथा टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा आयोजित कॉन्क्लेव की थीम “Restoring Balance to Cancer Care” रखी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। देश की औसत आयु करीब 29 वर्ष, जबकि छत्तीसगढ़ की औसत आयु करीब 24 वर्ष है। देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा कि यह युवा आबादी देश की आर्थिक प्रगति की बड़ी ताकत है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवा शक्ति का स्वस्थ रहना जरूरी है।स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने भविष्य की बड़ी चुनौतीओ.पी. चौधरी ने कहा कि आने वाले 10 से 20 वर्षों में देश की जनसांख्यिकी में तेजी से बदलाव होगा और आबादी की औसत आयु बढ़ेगी। ऐसे में स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने नई चुनौतियां खड़ी होंगी। उन्होंने कहा कि देश के आर्थिक रूप से विकसित होने के साथ यह भी जरूरी है कि नागरिक स्वस्थ रहें।उन्होंने कहा कि स्वस्थ मानव संसाधन किसी भी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। इसलिए स्वास्थ्य क्षेत्र में समय रहते तैयारी, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ सेवाओं और चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देना आवश्यक है।कैंसर के उपचार के साथ जागरूकता और शुरुआती जांच पर जोरवित्त मंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से निपटने के लिए केवल उपचार की सुविधाएं बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। जागरूकता, नियमित जांच, बीमारी की शुरुआती पहचान और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर भी लगातार काम करने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि युवा आबादी देश की आर्थिक विकास यात्रा की रीढ़ है। इसलिए आर्थिक विकास की गति के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा का हुआ विस्तारश्री चौधरी ने छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि करीब 25-26 वर्ष पहले राज्य पीएमटी में अच्छी रैंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी मेडिकल सीट हासिल करना कठिन था, क्योंकि रायपुर में ही एकमात्र मेडिकल कॉलेज था।उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 20 से अधिक होने की दिशा में राज्य आगे बढ़ रहा है।देशभर से आए कैंसर विशेषज्ञों का किया स्वागतवित्त मंत्री ने बाल्को मेडिकल सेंटर और सर्जिकल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने डॉ. यशवंत कश्यप, डॉ. दिवाकर पांडे, डॉ. आलोक कुमार स्वाइन और डॉ. अभिनव इंगले सहित आयोजन से जुड़े चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से नवा रायपुर पहुंचे कैंसर विशेषज्ञों और चिकित्सकों का स्वागत किया। श्री चौधरी ने नवा रायपुर को छत्तीसगढ़ की ग्रीन कैपिटल सिटी बताते हुए शहर के नियोजित विकास, हरित क्षेत्रों और आधुनिक सुविधाओं का भी उल्लेख किया।ज्ञान और अनुभव साझा करने का मंच बना कॉन्क्लेवकॉन्क्लेव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चिकित्सकों, कैंसर विशेषज्ञों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कैंसर केयर को अधिक प्रभावी, संतुलित और मरीज-केंद्रित बनाने, आधुनिक तकनीकों, उपचार पद्धतियों तथा चिकित्सा क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।वित्त मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और कैंसर उपचार के क्षेत्र में नई तकनीकों तथा बेहतर उपचार पद्धतियों को आगे बढ़ाने में सहायक साबित हो सकते हैं।