26 सितंबर 2026/रायपुर। राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। भारी बारिश के कारण महादेवघाट जाने वाला रास्ता भी बाधित हो गया है। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।इसी बीच पूर्व विधायक विकास उपाध्याय महादेवघाट पुल पर पहुंचे और बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार और नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार बारिश की चेतावनी के बावजूद समय रहते जलभराव से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि मौजूदा हालात ने आपदा प्रबंधन और नगरीय व्यवस्था की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा लगातार बारिश की संभावना जताई जा रही थी, इसके बावजूद जलनिकासी और निचले इलाकों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।बारिश के कारण भाटागांव, रायपुरा, महादेवघाट, शक्तिनगर, प्रोफेसर कॉलोनी यंहा तक की मेन रोड अनुपम गार्डन की मेन सड़क सहित कई बस्तियों और निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति सामने आई है। कई स्थानों पर बारिश का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया। इसके चलते कुछ परिवारों को रात के समय अपने घर छोड़कर सामुदायिक भवनों या अन्य सुरक्षित स्थानों का रुख करना पड़ा।स्थानीय लोगों के मुताबिक, रातभर उन्हें अपने परिवार और घरेलू सामान की सुरक्षा को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।प्रशासन और नगर निगम की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित इलाकों में जलनिकासी और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्रवाई पर लोगों की नजर है।













Leave a Reply