रायपुर, 21 जून।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विधायक विकास उपाध्याय ने योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज का जीवन तेज़ रफ्तार और चुनौतियों से भरा हुआ है। काम के दबाव, तनाव और व्यस्त दिनचर्या के बीच लोग अपने स्वास्थ्य और मानसिक शांति को नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे समय में योग हमें स्वयं को समझने, मन को शांत रखने और शरीर को स्वस्थ बनाने की प्रेरणा देता है।विकास उपाध्याय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है, जो अनुशासन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास करती है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन एकाग्र और जीवन संतुलित बना रहता है।उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को आज पूरा विश्व अपना रहा है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि हमारी संस्कृति का यह अमूल्य उपहार करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। भारत ने विश्व को अनेक अनमोल उपहार दिए हैं, लेकिन योग वह धरोहर है जिसने पूरी मानवता को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है।अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन के लिए योग को अपनाना समय की आवश्यकता है।”करो योग, रहो निरोग।”
















Leave a Reply