SIR और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस का रायपुर में हल्ला,बोल राजीव गांधी चौक से निकाला विरोध मार्च, कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव।

रायपुर, 28 सितंबर 2026। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), कथित ‘वोट चोरी’ और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रायपुर में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक से कलेक्टर कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में कांग्रेस की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने देश के विभिन्न हिस्सों में 28 सितंबर को जिला स्तर पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किए हैं। रायपुर के प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, सह प्रभारी विजय जांगिड़, जारिता लेतफ्लांग और संपत, पूर्व मंत्री टी.एस. सिंहदेव पूर्व विधायक व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सुखदेव भगत के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान संगठन की बैठक भी आयोजित की गई थी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की महत्वपूर्ण ताकत है और मतदाता सूची तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। पार्टी ने SIR और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपने सवाल उठाते हुए व्यापक समीक्षा की मांग भी रखी है। प्रदर्शन के दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन, ग्रामीण अध्यक्ष पप्पू राजेंद्र बंजारे सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *