26वीं जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता 4 अक्टूबर को साइंस कॉलेज मैदान में

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन द्वारा 26वीं जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन 4 अक्टूबर 2026, रविवार को साइंस कॉलेज मैदान, रायपुर में किया जा रहा है।छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के महासचिव आयुष मुरारका ने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 जिलों से लगभग 300 तीरंदाज, कोच, मैनेजर एवं तकनीकी अधिकारी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के प्रतिभावान तीरंदाज अपने प्रदर्शन का परिचय देंगे।

मुरारका ने बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित तीरंदाज 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक जयपुर, राजस्थान में आयोजित होने वाली जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह शाम 5:00 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महंत राजीव लोचन दास महाराज एवं समाजसेवी बसंत अग्रवाल के करकमलों से विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं खेलप्रेमियों से इस आयोजन में सहभागिता एवं उपस्थिति का आग्रह किया है।