भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर प्रदेश के स्कूलों में होंगे विविध कार्यक्रम।

15 नवंबर को जयंती, रविवार होने के कारण 14 या 16 नवंबर को आयोजित होंगे कार्यक्रम

विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और योगदान से कराया जाएगा परिचित

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी किए निर्देश

रायपुर, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती प्रतिवर्ष 15 नवंबर को मनाई जाती है। इस वर्ष 15 नवंबर को रविवार होने के कारण प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में 14 अथवा 16 नवंबर को जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

विद्यार्थियों को बताए जाएंगे भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान

लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार विद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और आदर्शों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके तहत विद्यार्थियों के लिए लेखन, वाचन और वाद-विवाद जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को जानने और समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही उनके संघर्ष, साहस और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता पर जोर

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं संस्थागत प्रमुखों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इन आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के महान जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना तथा उनके आदर्शों को विद्यार्थियों के जीवन में प्रेरणा के रूप में स्थापित करना है।