,मृत घोषित युवक में लौटी सांस! रायपुर के निजी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

6 जून रायपुर
रायपुर। राजधानी रायपुर के लोधीपारा चौक स्थित एक निजी अस्पताल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुराने भिलाई, जिला दुर्ग के निवासी एक युवक को 3 जून को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, युवक को मृत घोषित किए जाने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। अस्पताल परिसर से एंबुलेंस में ले जाने की तैयारी के दौरान अचानक युवक के शरीर में हलचल होने लगी। यह देखकर परिजन और मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि परिजनों ने तुरंत युवक को पानी पिलाया और बिना देर किए उसे डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद संबंधित निजी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि युवक में जीवन के लक्षण मौजूद थे तो उसे किस आधार पर मृत घोषित किया गया।
मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से जांच की मांग उठने लगी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह चिकित्सा लापरवाही का गंभीर मामला हो सकता है।
फिलहाल मामले की आधिकारिक जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *