धमतरी। पवित्र नाग पंचमी और श्रावण मास के सोमवार के दुर्लभ संयोग के अवसर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा क्षेत्र में स्थित सिहावा गांव, तहसील नगरी, जिला धमतरी के प्रसिद्ध श्रृंगी ऋषि पर्वत पर पहुंचे। सांसद ने 421 सीढ़ियां चढ़कर पर्वत स्थित श्रृंगी ऋषि आश्रम में दर्शन-पूजन किया।
मान्यता है कि इस पावन स्थल पर त्रेतायुग के महान संत श्रृंगी ऋषि का आश्रम स्थित है। इसी पर्वत क्षेत्र में प्रभु श्रीराम की बड़ी बहन माता शांता की गुफा भी होने की धार्मिक मान्यता है। सांसद भोजराज नाग के आश्रम पहुंचने पर श्रृंगी ऋषि विकास समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने भावभीना स्वागत किया।
आश्रम के प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक वातावरण से सांसद भोजराज नाग अभिभूत नजर आए। इस दौरान उन्होंने महानदी के उद्गम स्थल का अवलोकन किया और श्रृंगी ऋषि के दर्शन का लाभ लिया।
स्थायी भोजनशाला और संत निवास की मांग
श्रृंगी ऋषि विकास समिति के पदाधिकारियों ने सांसद के समक्ष आश्रम परिसर में स्थायी भोजनशाला, संत निवास सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के निर्माण की मांग रखी। समिति ने आश्रम के धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व को देखते हुए क्षेत्र के विकास की आवश्यकता बताई।
सांसद भोजराज नाग ने समिति द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि आश्रम की पौराणिकता एवं पर्यटन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रयास किए जाएंगे।
श्रृंगी ऋषि आश्रम में सांसद के आगमन से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने आश्रम को धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की उम्मीद जताई।













Leave a Reply