इंदौर। सिखवाल ब्राह्मण समाज इंदौर द्वारा आराध्य देव श्री श्रृंगी ऋषि गुरु महाराज की जयंती एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्वक मनाया गया। श्री पाँच पट्टी सिखवाल ब्राह्मण समाज पारमार्थिक एवं शैक्षणिक ट्रस्ट एवं प्रबंध कार्यकारिणी के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में समाज के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।महोत्सव के प्रथम दिन सिखवाल मोहल्ला स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में माताजी का भव्य जागरण आयोजित किया गया, जिसमें पूरी रात भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। दूसरे दिन गुरु पूर्णिमा पर विधि-विधान से श्री श्रृंगी ऋषि गुरु महाराज का हवन, पूजन एवं महाआरती संपन्न हुई। समाज के अनेक दंपतियों ने यज्ञ में आहुति देकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं गुरु कृपा की कामना की। महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।सायंकाल श्री सत्यनारायण मंदिर से निकली विराट शोभायात्रा पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र रही। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, डीजे, घोड़ी-बग्घी और आकर्षक रथों के साथ निकली यात्रा में माताजी, पंडित जी बा एवं श्री श्रृंगी ऋषि गुरु महाराज की दिव्य प्रतिमा एवं छवि विराजमान थीं। शोभायात्रा में विद्युत रोशनी से सजी पर्यावरण संरक्षण की झांकी और समुद्र मंथन की आकर्षक झांकी ने सभी का मन मोह लिया। इन झांकियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, एकता और समाज कल्याण का संदेश दिया गया।शोभायात्रा में महिला एवं पुरुष भजन मंडलों ने गुरु महिमा का गुणगान किया, जबकि युवाओं ने धार्मिक धुनों पर नृत्य और महिलाओं व बालिकाओं ने गरबा प्रस्तुत कर भक्तिमय माहौल बना दिया। गुरु महाराज के रथ से पूरे मार्ग में प्रसाद वितरित किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर समाजजनों ने स्वागत मंच लगाकर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।शोभायात्रा सत्यनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर खजूर भैया, जबरेश्वर महादेव मंदिर, सर्राफा, बोहरा बाजार और साठा बाजार होते हुए नलिया बाखल स्थित श्री श्रृंगी ऋषि धर्मशाला पहुंची, जहां भव्य महाप्रसादी का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।इस वर्ष शोभायात्रा में सामूहिक विवाह सम्मेलन का विशेष बैनर भी लगाया गया, जिससे समाज के बड़ी संख्या में लोगों को इस महत्वपूर्ण सामाजिक आयोजन की जानकारी मिली।ट्रस्ट एवं प्रबंध कार्यकारिणी ने आयोजन को सफल बनाने में तन, मन और धन से सहयोग देने वाले समाजजनों, स्वागत मंच लगाने वाले परिवारों, कार्यकर्ताओं एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु महाराज की कृपा से इस वर्ष का आयोजन अब तक का सबसे भव्य, विशाल और ऐतिहासिक आयोजन रहा।
























Leave a Reply