रायपुर, 3 अगस्त 2026। रिकॉर्ड्स, द मैकेनाइज़्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट द्वारा संचालित ‘मिशन निरंतर मिलाप’ के तहत सोमवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, रायपुर में विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों की पेंशन, दस्तावेज़ीकरण और कल्याण संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान उपलब्ध कराना है।इस शिविर का लाभ रायपुर, महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाज़ार, धमतरी तथा आसपास के जिलों में रहने वाले पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके आश्रित उठा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों का परीक्षण कर आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।कार्यक्रम में आने वाले सभी पात्र हितग्राहियों से डिस्चार्ज बुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ईसीएचएस (ECHS) कार्ड तथा पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) साथ लाने का आग्रह किया गया है, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।गौरतलब है कि ‘मिशन निरंतर मिलाप 1.0 – चरण-IV (सेंट्रल ईस्ट ज़ोन)’ का शुभारंभ 17 जून 2026 को मेजर जनरल आर. प्रेम राज, एसएम, वीएसएम, एडीजी मैकेनाइज़्ड इन्फैंट्री द्वारा किया गया था। यह अभियान लेफ्टिनेंट जनरल पी. एस. शेखावत, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम, चीफ ऑफ स्टाफ, मुख्यालय दक्षिण-पश्चिमी कमान एवं कर्नल ऑफ द रेजिमेंट के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। अभियान का संचालन ब्रिगेडियर पी. सुनील कुमार, सेना मेडल*, ऑफिसर-इन-चार्ज, रिकॉर्ड्स, द मैकेनाइज़्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के निर्देशन तथा लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक कुमार, चीफ रिकॉर्ड ऑफिसर के क्रियान्वयन में किया जा रहा है।यह कार्यक्रम 3 अगस्त 2026 को प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, रायपुर में आयोजित होगा। अधिक जानकारी के लिए 7020897019 पर संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों ने सभी पात्र पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
रायपुर में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए आज विशेष आउटरीच कार्यक्रम, पेंशन व दस्तावेज़ संबंधी समस्याओं का होगा समाधान।















Leave a Reply