’रायपुर, 8 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने शनिवार को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में प्रदेश के पहले तीन ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ का ऑनलाइन शुभारंभ किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है, जहां तकनीक के जरिए हितग्राहियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।अब 24×7 मिलेगा राशन‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ के जरिए राशनकार्डधारी अपनी सुविधा के अनुसार 24 घंटे और सातों दिन चावल प्राप्त कर सकेंगे। मशीन की स्क्रीन पर आधार नंबर अथवा राशनकार्ड नंबर दर्ज करने के बाद बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा। प्रमाणीकरण सफल होने पर पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा में चावल मशीन से प्राप्त किया जा सकेगा।इस सुविधा से उचित मूल्य की दुकानों में लगने वाली लंबी कतारों और समय की बाध्यता से हितग्राहियों को राहत मिलने की उम्मीद है।‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ के हितग्राहियों को भी लाभग्रेन एटीएम की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसका लाभ केवल छत्तीसगढ़ के राशनकार्डधारियों तक सीमित नहीं रहेगा। ‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ योजना के तहत दूसरे राज्यों के राशनकार्डधारी भी बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से यहां से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। इससे प्रवासी श्रमिकों और अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले हितग्राहियों को विशेष सुविधा मिलेगी।छत्तीसगढ़ बना ग्रेन एटीएम वाला देश का पांचवां राज्यअन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम वर्तमान में उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा में संचालित किए जा रहे हैं। अब छत्तीसगढ़ भी इस व्यवस्था को लागू करने वाला देश का पांचवां राज्य बन गया है।2500 किलो तक चावल रखने की क्षमतावर्ल्ड फूड प्रोग्राम के सहयोग से स्थापित इन ग्रेन एटीएम की भंडारण क्षमता करीब 2500 किलोग्राम है। मशीन में चावल की लोडिंग स्वचालित प्रणाली से होगी। बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद मशीन हितग्राही की पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा में चावल उपलब्ध कराएगी।पीडीएस को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदमखाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पीडीएस व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए लगातार तकनीकी नवाचार कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रेन एटीएम से हितग्राहियों के समय की बचत होगी और उचित मूल्य की दुकानों में भीड़ एवं कतार की समस्या कम होगी।उन्होंने कहा कि यह तकनीक आधारित व्यवस्था हितग्राहियों को अपनी सुविधा के अनुसार सम्मानजनक तरीके से खाद्यान्न प्राप्त करने का अवसर देगी और पीडीएस में पारदर्शिता तथा निगरानी को और मजबूत करेगी।पारदर्शी पीडीएस की दिशा में प्रभावी पहलवर्ल्ड फूड प्रोग्राम की प्रतिनिधि सुश्री नजी़नो हॉसीमोनी ने छत्तीसगढ़ सरकार को इस नवाचार के लिए बधाई दी। उन्होंने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को पारदर्शी और प्रभावी पीडीएस व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।शुभारंभ कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे, विधायक मोती लाल साहू, खाद्य विभाग की संचालक डॉ. फरिहा आलम, नागरिक आपूर्ति निगम की एमडी श्रीमती इफ्फत आरा, अपर संचालक श्र नीलिमा एल्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और हितग्राही उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ में राशन वितरण व्यवस्था को मिली नई तकनीकी रफ्तार,रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में शुरू हुए प्रदेश के पहले ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’।














Leave a Reply