रायपुर, 13 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 12अगस्त की शाम राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित ‘आजादी की धुन’ समारोह देशभक्ति के रंग में रंग गया। प्रदेश के विभिन्न अंचलों से पहुंचे 100 युवा कलाकारों ने एक साथ अलग-अलग वाद्ययंत्रों के साथ लाइव बैंड प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह में शामिल हुए और युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘आजादी की धुन’ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का सुनहरा अवसर है। यह आयोजन हमें इतिहास के गौरव का स्मरण कराने के साथ वर्तमान के कर्तव्यों का बोध और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प दिलाता है। उन्होंने 100 युवा कलाकारों द्वारा एक साथ देशभक्ति की धुनों की प्रस्तुति को छत्तीसगढ़ के लिए अनूठा प्रयास बताते हुए संस्कृति विभाग और कलाकारों को बधाई दी।उन्होंने कहा कि संगीत में लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ने और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने की अद्भुत शक्ति है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान गीतों, कविताओं और नारों ने देशवासियों में स्वाधीनता की चेतना जगाने तथा क्रांतिकारियों और सेनानियों का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन ,मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, वीर सावरकर, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अनेक राष्ट्रनायकों के संघर्ष ने स्वतंत्र भारत की नींव मजबूत की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प भी है।छत्तीसगढ़ के वीरों के योगदान का स्मरणमुख्यमंत्री साय ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान का उल्लेख करते हुए अमर शहीद वीर नारायण सिंह और जननायक वीर गुण्डाधुर के संघर्ष और बलिदान को याद किया। । कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, स्काउट-गाइड के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह खालसा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, कलाकार और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

















Leave a Reply