ब्लू वाटर में डूबे युवक की तलाश जारी, NDRF ने संभाला मोर्चा, माना क्षेत्र स्थित ब्लू वाटर में डूबे 24 वर्षीय युवक की तलाश लगातार जारी है।


20अगस्त 2026/रायपुर। माना क्षेत्र स्थित ब्लू वाटर में डूबे 24 वर्षीय युवक की तलाश लगातार जारी है। हादसे के बाद SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं और अपने युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए रेस्क्यू ऑपरेशन का इंतजार कर रहे हैं।
लगातार तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने के बाद अब NDRF की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। टीम आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित जवानों की मदद से ब्लू वाटर में युवक की तलाश कर रही है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि ब्लू वाटर जैसे खतरनाक स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि शहर को लगातार “स्मार्ट सिटी” बनाने की बात कही जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों की सुरक्षा के लिए बुनियादी इंतजाम तक पर्याप्त नहीं हैं। लोगों ने ब्लू वाटर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
फिलहाल NDRF और SDRF की टीमें युवक की तलाश में जुटी हुई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन पर परिजनों और स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *