पेंड्रा, 21 अगस्त 2026। चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुक्रवार को मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ गरिमामय समापन हुआ। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से 540 खिलाड़ियों और 100 से अधिक अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया। जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, कबड्डी और क्रिकेट की विभिन्न विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतिसमापन समारोह की शुरुआत मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गौरेला, अनीता शिक्षा निकेतन गौरेला तथा कुंजनबाई चौक से स्कूल अमरपुर पेंड्रा की छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।‘खेल में हार नहीं, जीत या सीख मिलती है’मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार नहीं होती, खिलाड़ी या तो जीतते हैं या फिर सीखते हैं। उन्होंने कहा कि खेल स्वस्थ जीवनशैली के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, भाईचारे और सद्भावना की भावना को मजबूत करता है।उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए। लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। खेल का मैदान जीवन में संघर्ष, टीम भावना और निरंतर प्रयास की सीख देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।विकास कार्यों के लिए 30 लाख रुपये की घोषणासमारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा की मांग पर सांसद श्रीमती महंत ने क्षेत्र के विकास के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसमें फिजिकल कॉलेज मैदान के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपये और पतगांवा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये शामिल हैं।जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि जीपीएम जिले में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, जुनून और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने स्वागत उद्बोधन में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशिक्षकों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का अवसर देती हैं।समापन अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया। चार दिनों तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा अध्यक्ष राकेश जालान, उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, जनपद पंचायत पेंड्रा अध्यक्ष अजीत हेमकुंवर श्याम, राकेश चतुर्वेदी, मनीष श्रीवास, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, एसडीएम पेंड्रा रोड अमित बेक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।













Leave a Reply