भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भगवान शिव का किया रुद्राभिषेक।

रायपुर, 23 अगस्त 2026। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर आज भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आई। गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल हजारों शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं। मारुति मंगलम परिसर से हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। कठिन यात्रा के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह और श्रद्धा सनातन संस्कृति में निहित आस्था की शक्ति को प्रदर्शित करती है।उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संगम है। ऐसे आयोजन समाज के हर वर्ग को एकजुट करते हैं और आपसी सद्भाव, सेवा, सहयोग तथा सामूहिकता की भावना को मजबूत करते हैं।मुख्यमंत्री ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि महादेव घाट स्थित यह मंदिर छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का प्रमुख केंद्र है। श्रावण मास में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध लोक संस्कृति के साथ-साथ उसकी गहरी आध्यात्मिक एवं धार्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ हमारी समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी कांवड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।ये रहे प्रमुख अतिथिकार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *