चलती ट्रेन से कथित मोबाइल चोर को लात मारकर गिराने का वीडियो वायरल, जीआरपी ने यात्री को किया गिरफ्ताररायपुर, 19 जुलाई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने रेलवे सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति चलती ट्रेन से बाहर लटके कथित मोबाइल चोर को लगातार लात मारता दिखाई दे रहा है, जिसके बाद वह ट्रेन से नीचे गिर जाता है। मामले में जीआरपी रायपुर ने कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, घटना 14 जुलाई 2026 की बताई जा रही है। यह घटना आजाद हिंद एक्सप्रेस में रायपुर के उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन में सफर कर रहे यात्री आर. सुरेश कुमार का पर्स और मोबाइल चोरी करने के आरोप में एक युवक को यात्रियों और कोच अटेंडेंट ने पकड़ लिया था।बताया जाता है कि पकड़े जाने के बाद युवक बचने के लिए चलती ट्रेन के दरवाजे के बाहर पायदान से लटक गया। इसी दौरान दरवाजे पर खड़े यात्री ने उसे कई बार लात मारी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार ट्रेन से नीचे गिर गया। पूरी घटना का वीडियो किसी सहयात्री ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी रायपुर ने मामले का संज्ञान लेते हुए कानून अपने हाथ में लेने और जानलेवा हमला करने के आरोप में यात्री आर. सुरेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें बिलासपुर की अदालत से जमानत मिल गई।वहीं, ट्रेन से नीचे गिरे कथित चोर की तलाश जारी है। रेलवे पुलिस आसपास के अस्पतालों और संबंधित क्षेत्रों में उसकी जानकारी जुटा रही है।रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में चोरी या किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें, ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा सके।नोट: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को 14 जुलाई का बताया जा रहा है। घटना से जुड़े कुछ तथ्यों की आधिकारिक जांच जारी है, इसलिए जांच पूरी होने तक सभी दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना शेष है।
















Leave a Reply