फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़ : AI से बनी लड़कियों की फोटो दिखाकर ठगी, सुपेला पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को दबोचा।


दुर्ग,/31 अक्टूबर 2026/।शादी के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सुपेला पुलिस ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कल्याण मैट्रिमोनी, एलिट मैच और फ्यूचर पार्टनर के नाम से कॉल सेंटर चला रहे आरोपी परमानंद यादव (24) को गिरफ्तार किया है।
AI फोटो से जाल
आरोपी उत्तर गंगोत्री भवन, यूनियन बैंक के पास सुपेला में हॉल लेकर फर्जी ब्यूरो चलाता था। फेसबुक-इंस्टा पर AI से बनी काल्पनिक सुंदर युवतियों की फोटो और फर्जी नंबर डालकर विज्ञापन देता था। शादी के इच्छुक युवक संपर्क करते तो बायोडाटा लेकर पसंद की लड़की दिलाने का झांसा देता और काउंसलर के नाम के QR कोड / बैंक खाते में ₹2000 और अन्य रकम वसूलता, फिर नंबर ब्लैकलिस्ट कर देता था।
मुखबिर की सूचना पर 29 अक्टूबर को पुलिस ने दबिश दी तो मौके पर आरोपी और 4 युवतियां काम करती मिलीं। युवतियों ने बताया कि उन्हें ₹7000 वेतन पर मैरिज काउंसलर बताकर रखा गया था और 2 दिन ट्रेनिंग देकर कॉल करवाए जाते थे।
3 महीने में सैकड़ों कॉल
आरोपी पिछले 3 माह से रोज 20 से 50 कॉल कर देश के कई राज्यों में ठगी कर रहा था। समन्वय पोर्टल पर उसके बैंक खातों के खिलाफ पहले से शिकायतें मिली हैं।
जब्ती – कुल ₹2,83,600 की संपत्ति

  • नकद ₹1,64,000
  • 22 कीपैड मोबाइल + 4 एंड्रॉयड (मोटोरोला, वनप्लस, आईफोन) – ₹78,000
  • 16 सिम (एयरटेल, Vi) – ₹1,600
  • कंप्यूटर सेट, वाई-फाई – ₹40,000
  • BOB, इंडियन बैंक, फेडरल, SBI, IDBI की चेकबुक, पासबुक, QR कोड, रजिस्टर, फ्लेक्स
    थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1630/2026 धारा 317(2), 319(2) BNS के तहत केस दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
    आरोपी – परमानंद यादव, निवासी ओटेबंद, थाना नंदनी, अहिवारा, हाल नेहरू नगर ईस्ट, दुर्ग।
    कार्रवाई में थाना प्रभारी एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक खेलन साहू, नमिता टेकाम, मिथलेश साहू, संतोष निर्मलकर की सराहनीय भूमिका रही।
    दुर्ग पुलिस की अपील सोशल मीडिया पर मैरिज ब्यूरो के विज्ञापनों पर बिना जांच भरोसा न करें, AI फोटो से सावधान रहें, अग्रिम फीस न दें, आधार-OTP-बैंक डिटेल शेयर न करें। ठगी होने पर 1930 या http://cybercrime.gov.in पर तुरंत शिकायत करें।