रायपुर, 3 सितंबर 2026। गणेश उत्सव के दौरान राजधानी में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट रायपुर एवं गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक यातायात सभागार, कालीबाड़ी रायपुर में हुई, जिसमें शहर की करीब 50 गणेश उत्सव समितियों के लगभग 100 पदाधिकारी शामिल हुए।बैठक में डीसीपी मध्य श्री तारकेश्वर पटेल, डीसीपी पश्चिम श्री रॉबिंसन गुरिया, डीसीपी नॉर्थ श्रीमती दीपमाला कश्यप, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा एवं डीसीपी क्राइम श्री स्मृतिक राजनाला ने समितियों के पदाधिकारियों को गणेश पंडालों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सभी जोन के अतिरिक्त डीसीपी, ट्रैफिक एसीपी सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।सुरक्षित स्थान पर ही लगाए जाएं गणेश पंडालपुलिस अधिकारियों ने समितियों को निर्देश दिए कि पंडाल के लिए सुरक्षित और उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए। आवश्यकतानुसार पुलिस, प्रशासन, नगर निगम एवं संबंधित विभागों से अनुमति और अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाए।पंडाल के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था रखने तथा मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न होने देने को कहा गया। बिजली के तारों अथवा ट्रांसफार्मर के अत्यधिक नजदीक पंडाल नहीं लगाने के निर्देश दिए गए।आगजनी की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पंडाल में फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से रखने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया गया।बड़े पंडालों में अलग एंट्री-एग्जिट की व्यवस्थाबड़े गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश और निकासी के अलग-अलग रास्ते बनाने, प्राथमिक उपचार पेटी एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नजदीकी अस्पताल, पुलिस थाना, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन नंबरों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने कहा गया।वालंटियरों को पहचान-पत्र देना अनिवार्यगणेश उत्सव समितियों से पर्याप्त संख्या में वालंटियर नियुक्त करने और उन्हें पहचान-पत्र उपलब्ध कराने कहा गया। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला वालंटियरों की तैनाती तथा भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।दर्शन के दौरान भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने, मार्ग में अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने और प्रसाद वितरण के लिए मुख्य मार्ग से अलग स्थान निर्धारित करने की सलाह दी गई।पंडाल परिसर में शराब अथवा नशे का सेवन करने वाले लोगों को प्रवेश नहीं देने तथा विद्युत व्यवस्था में शॉर्ट सर्किट और करंट लगने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सावधानी बरतने कहा गया।यातायात व्यवस्था पर पुलिस की विशेष नजरपुलिस अधिकारियों ने कहा कि गणेश पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं और आयोजकों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था होनी चाहिए। सड़क पर वाहनों की अनावश्यक पार्किंग नहीं होने दी जाए, ताकि यातायात सुचारू रहे।साथ ही आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए रास्ता हमेशा खुला रखने के निर्देश दिए गए।विसर्जन के दौरान नियमों का पालन जरूरीगणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान समितियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट, स्थान और समय का पालन करने के निर्देश दिए गए। डीजे का उपयोग निर्धारित नियमों और माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप करने तथा विसर्जन के दौरान नशे का सेवन नहीं करने की हिदायत दी गई।विसर्जन झांकी में किसी भी प्रकार के धारदार हथियार या आपत्तिजनक वस्तु लेकर नहीं चलने, निर्धारित क्रम एवं लाइन का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने कहा गया।इसके अलावा पटाखों, ज्वलनशील पदार्थों अथवा आग से संबंधित प्रतिबंधित सामग्री के उपयोग से बचने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस और समितियों के समन्वय से शांतिपूर्ण होगा उत्सवपुलिस अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित तरीके से गणेश उत्सव मनाएं। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और गणेश उत्सव समितियों के बीच बेहतर समन्वय से राजधानी में श्रद्धा, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में गणेश उत्सव संपन्न कराया जाएगा।











