प्लेसमेंट एजेंसी पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी राजसात,कर्मचारियों के वेतन से अनुचित कटौती और कम भुगतान की शिकायत जांच में प्रमाणित,एजेंसी ब्लैकलिस्ट।

रायपुर, 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने प्लेसमेंट के माध्यम से मानव संसाधन उपलब्ध कराने वाली एजेंसी मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, राजनांदगांव के खिलाफ अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की है। मंडल ने एजेंसी की 10 लाख रुपये की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी राजसात करने के साथ उसे मंडल में कार्यरत एजेंसियों की काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में दर्ज कर दिया है।वेतन से कटौती की मिली थी शिकायतमंडल मुख्यालय में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों ने शिकायत की थी कि एजेंसी ने पांच माह की अवधि में उनके वेतन से सुरक्षा निधि के नाम पर राशि की कटौती की। कर्मचारियों को कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह राशि वापस करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन शिकायत के अनुसार राशि वापस नहीं की गई।शिकायत मिलने के बाद मंडल ने उपलब्ध दस्तावेजों, बैंक खातों और भुगतान संबंधी अभिलेखों की जांच की। जांच में सामने आया कि एजेंसी द्वारा कर्मचारियों के वेतन से किश्तों में राशि काटी गई थी। साथ ही मंडल से एजेंसी को प्राप्त राशि की तुलना में संबंधित कर्मचारियों को कम वेतन भुगतान किए जाने की बात भी सामने आई।नोटिस के जवाब में एजेंसी ने कटौती स्वीकार कीमंडल ने मामले में एजेंसी को नोटिस जारी किया। एजेंसी ने अपने जवाब में कर्मचारियों के वेतन से राशि काटे जाने की बात स्वीकार की। शिकायत के बाद एजेंसी द्वारा कुछ राशि कर्मचारियों को वापस किए जाने की जानकारी भी सामने आई। जांच और एजेंसी के जवाब के आधार पर मंडल ने माना कि निविदा और अनुबंध में निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया गया।श्रम कानूनों का पालन था अनिवार्यनिविदा की शर्त क्रमांक 1.5 के अनुसार सफल निविदाकार द्वारा संतोषप्रद कार्य नहीं किए जाने की स्थिति में जमा Performance Security जब्त किए जाने का प्रावधान था। वहीं कंडिका 11 (vii) में कर्मचारियों के EPF और ESIC अंशदान सहित वेतन भुगतान की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य किया गया था।निविदा में एजेंसी के लिए EPF Act, ESIC Act, LWF Act और Minimum Wages Act सहित संबंधित श्रम कानूनों का पालन करना भी अनिवार्य था। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई के साथ एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने का प्रावधान भी किया गया था।10 लाख की सिक्योरिटी जब्त, एजेंसी ब्लैकलिस्टइन तथ्यों और 1 जुलाई 2023 को निष्पादित अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन को देखते हुए मंडल ने 10 लाख रुपये की Performance Security राजसात करने का निर्णय लिया। साथ ही मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, राजनांदगांव को मंडल में कार्यरत एजेंसियों की काली सूची में दर्ज कर दिया गया।कर्मचारियों के हितों से समझौता नहीं: आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि प्लेसमेंट कर्मचारियों को उनके वैधानिक और अनुबंधानुसार देय पारिश्रमिक तथा सामाजिक सुरक्षा लाभों से वंचित किए जाने की किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।उन्होंने कहा कि संबंधित प्रकरण में दस्तावेजों, बैंक खातों, भुगतान अभिलेखों और एजेंसी के जवाब का परीक्षण करने के बाद जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।आयुक्त ने स्पष्ट किया कि मंडल यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्लेसमेंट के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन, EPF, ESIC और अन्य वैधानिक लाभ समय पर मिलें। कर्मचारियों के वेतन से अनुचित या अनधिकृत कटौती, अनुबंधीय शर्तों के उल्लंघन अथवा वैधानिक अंशदान में लापरवाही पाए जाने पर आगे भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।